उपायुक्त चंदन कुमार ने देर रात सदर अस्पताल चाईबासा का किया औचक निरीक्षण



चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार ने देर रात सदर अस्पताल चाईबासा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर संधारित व्यवस्था का जायजा लिया और मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त ने मौके पर कहा कि सदर अस्पताल चाईबासा जिले का सबसे बड़ा अस्पताल है, ऐसे में क्षेत्रवासियों की उम्मीदें इससे जुड़ी रहती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों और चिकित्सा पदाधिकारियों का प्रयास होना चाहिए कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलें और निर्धारित व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सिविल सर्जन एवं उपस्थित चिकित्सकों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।