प्रधानमंत्री की मां को गाली देने के मामले पर जमशेदपुर की महिलाओं का आक्रोश, सड़क पर उतरीं सैकड़ों महिलाएं


जमशेदपुर। बिहार में राजद और कांग्रेस की सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली देने की घटना को लेकर जमशेदपुर की महिलाओं में भी गहरा आक्रोश देखने को मिला। सोमवार को शहर की सड़कों पर सैकड़ों महिलाएं हाथों में प्रधानमंत्री और उनकी मां की तस्वीर लेकर विरोध प्रदर्शन करती नजर आईं। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि महिलाओं का अपमान अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने राजद और कांग्रेस के नेताओं को चेतावनी दी कि राजनीति में विरोध करना ठीक है, लेकिन किसी भी महिला या मां को बीच में लाकर गाली-गलौज करना निंदनीय है।महिलाओं ने कहा कि एक ओर मां की पूजा की जाती है और दूसरी ओर मां को गाली देकर राजनीति की जाती है, यह दोहरा चेहरा देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि आने वाले समय में यदि ऐसी भाषा का इस्तेमाल हुआ तो देश की महिलाएं सड़कों पर उतरकर कड़ा विरोध दर्ज कराएंगी।