


संवादाता,चाईबासा। शहर में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सोमवार को दिनदहाड़े आईबीपी पेट्रोल पंप सिंहभूम ट्रेडिंग कंपनी के कर्मचारी से हथियार के बल पर करीब पांच लाख रुपये की लूट कर ली गई। इस सनसनीखेज वारदात ने व्यावसायिक वर्ग में आक्रोश और भय का माहौल पैदा कर दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही चाईबासा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने इस लूट की कड़ी निंदा की। चैंबर के अध्यक्ष संजय चौबे ने कहा कि शहर के बीचोंबीच इस प्रकार की घटना होना न केवल निंदनीय है बल्कि चाईबासा जैसे शांत नगर की छवि को भी धूमिल करता है। उन्होंने कहा कि बढ़ती आपराधिक घटनाएं व्यापारियों के लिए चिंता का विषय हैं। व्यापारियों की अपनी कई समस्याएं पहले से ही मौजूद हैं और अब इस प्रकार की घटनाएं उनके लिए और अधिक असुरक्षा की स्थिति पैदा कर रही हैं। इसी क्रम में चैंबर के सचिव नीरज संदवार ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अगर अपराधियों पर शीघ्र अंकुश नहीं लगाया गया तो व्यवसायी वर्ग का विश्वास टूट जाएगा और इसका सीधा असर व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि इस लूटकांड का शीघ्र उद्भेदन कर अपराधियों को सख्त सजा दी जाए।