घाटशिला में भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई हुए शामिल



तिलक कुमार वर्मा
घाटशिला। घाटशिला स्थित होटल आनंदिता में भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चंडी चरण साहू ने की। इस अवसर पर भाजपा पूर्वी सिंहभूम जिला ग्रामीण प्रभारी एवं भाजपा झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष, साथ ही राज्य सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जमशेदपुर महानगर के वरिष्ठ भाजपा नेता अभय सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए। बैठक में जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी, सभी प्रखंड अध्यक्ष एवं प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे। अपने संबोधन में बड़कुंवर गागराई ने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और आगामी कार्यक्रमों के बारे में जानकारी देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों को पहुंचाना चाहिए। साथ ही, प्रत्येक प्रखंड और पंचायत स्तर पर संगठन की सक्रियता सुनिश्चित करनी होगी। बैठक में जिले की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और संगठनात्मक ढांचे पर भी विचार-विमर्श किया गया।