तिलक कुमार वर्मा
चाईबासा। सोमवार को स्थानीय सनशाइन रेस्टोरेंट में चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर चाईबासा चेंबर के प्रथम अध्यक्ष विमल सर्राफ, संस्थापक अनुप कुमार सुल्तानिया, फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफजेसीसीआई) के पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विकास चंद्र मिश्रा, संस्थापक सदस्य प्रदीप कुमार सिंह, जयप्रकाश मुंदड़ा, सुनील दोदराजका और दीपक शर्मा समेत कई प्रतिष्ठित अतिथि मौजूद रहे। रविवार को आयोजित भव्य समारोह में इस संस्थान के संस्थापक सह नवनियुक्त अध्यक्ष अनुप कुमार सुल्तानिया ने पद और गोपनीयता की शपथ लेकर कार्यभार संभाला। उन्होंने कहा कि चाईबासा चेंबर की स्थापना 26 जनवरी 2001 को हुई थी।
उस समय स्थानीय व्यापारियों और समाजसेवियों ने शहर के व्यावसायिक हितों को मज़बूती देने और व्यापारियों की आवाज़ को एक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से यह संगठन बनाया था। शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए अनुप कुमार सुल्तानिया ने आगे कहा कि चाईबासा चेंबर हमारा था, है और आगे भी रहेगा। किसी में यह शक्ति नहीं कि हमारे द्वारा स्थापित संस्था को हमसे छीन सके।
जो लोग इस मुग़ालते में हैं कि हमारी सदस्यता समाप्त कर चाईबासा चेंबर और इसके पचास लाख रुपये हड़प लेंगे, उन्हें करारा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने पूर्व कार्यसमिति के कुछ सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने संस्था के संस्थापकों को ही बाहर करने का प्रयास किया, जो इतिहास में क्षमा योग्य नहीं है। सुल्तानिया ने इस कदम की तुलना कुपुत्र द्वारा अपने पिता को घर से निकालने से की और कहा कि इस निर्णय ने चेंबर के स्वर्णिम इतिहास को कलंकित किया है।
समारोह में आए सभी अतिथियों का संस्थापक सदस्य प्रदीप कुमार सिंह ने स्वागत किया। इसके बाद जयप्रकाश मुंदड़ा ने प्रथम अध्यक्ष विमल सर्राफ को बुके और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसी तरह विकास चंद्र मिश्रा का स्वागत विमान कुमार पाल ने बुके और स्मृति चिन्ह देकर किया। सबसे पहले संस्थापक तथा ट्रस्ट 2021 के मुख्य ट्रस्टी अनुप कुमार सुल्तानिया को अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई गई।
संचालनकर्ता ने उनका प्रमाण पत्र पढ़ कर सुनाया और विमल सर्राफ ने उन्हें पद का प्रमाण पत्र, परिचय पत्र और चाईबासा चेंबर के संविधान की प्रति सौंपी। इसके बाद नवनियुक्त अध्यक्ष अनुप कुमार सुल्तानिया ने उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई।
नवगठित पदाधिकारी इस प्रकार हैं
उपाध्यक्ष: जयप्रकाश मुंदड़ा, सुनील दोदराजका
सचिव: दीपक शर्मा
संयुक्त सचिव: विमान कुमार पाल और चक्रधरपुर के मनोज जिंदल
कोषाध्यक्ष: जितेंद्र मद्धेशिया
कार्यकारिणी सदस्य: प्रथम अध्यक्ष विमल सर्राफ, प्रदीप कुमार सिंह, संजय दोदराजका, गोपेश प्रधान, दिलीप शर्मा, मनीष कुमार सिंह, आशीष पांडे, श्याम सुंदर मोहता, निकेश सिंघानिया (चक्रधरपुर) और रितेश कुमार उर्फ पिंटू।
विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद एफजेसीसीआई के पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विकास चंद्र मिश्रा ने नवनियुक्त टीम को बधाई दी और संगठन की पुरानी गरिमा बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन विमल सर्राफ ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन चाईबासा चेंबर के सचिव दीपक शर्मा ने प्रस्तुत किया।