चाईबासा चेंबर ट्रस्ट ने 2025-27 की कार्यसमिति की घोषणा की, अध्यक्ष बने अनूप कुमार सुल्तानिया



चाईबासा। चाईबासा चेंबर ट्रस्ट 2021 की एक आपात बैठक में सत्र 2025-27 के लिए नई कार्यसमिति की घोषणा कर दी गई। इसमें संस्थापक अनूप कुमार सुल्तानिया को अध्यक्ष, गुरमुख सिंह खोखर और सुनील दोदराजका को उपाध्यक्ष, दीपक शर्मा को सचिव तथा जितेंद्र मद्धेशिया को कोषाध्यक्ष घोषित किया गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में प्रदीप कुमार सिंह, जयप्रकाश मुंदड़ा, विमान कुमार पाल, संजय दोदराजका, दिलीप शर्मा और गोपेश प्रधान को शामिल किया गया है।नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनूप कुमार सुल्तानिया ने बैठक को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान कार्यसमिति ने चाईबासा चेंबर के चुनाव को “उपहास का पात्र” बना दिया है। उन्होंने कहा कि 500 से अधिक सदस्यों वाली संस्था में चुनावी मुकाबले के लिए उम्मीदवार सामने न आना दुखद है। निर्विरोध चुनाव को पूर्व नियोजित षड्यंत्र बताते हुए उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में चुनाव होना ही बंद हो जाएगा। उन्होंने हाल के वर्षों में अनाप-शनाप खर्च और चुनाव में खड़े होने वाले इच्छुक व्यक्तियों को डराने-धमकाने जैसी घटनाओं का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नई कार्यसमिति अब पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ चेंबर का संचालन करेगी तथा 2027-29 का चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराया जाएगा। सुल्तानिया ने यह भी कहा कि चाईबासा जैसे सम्मानित चेंबर की कार्यसमिति की बैठकें बार में आयोजित की जा रही हैं, जो संस्था के गौरव के विपरीत है। उन्होंने इसे रोकना संस्थापक सदस्यों का पहला धर्म बताया और स्पष्ट किया कि संगठन की गरिमा बचाने के लिए किसी भी स्तर पर कदम उठाने से वे पीछे नहीं हटेंगे।