पलामू में नक्सली मुठभेड़, दो पुलिस जवान शहीद, एक गंभीर रूप से घायल


पलामू। प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के साथ हुई मुठभेड़ में पुलिस के दो जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है। घायल जवान का इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में चल रहा है। शहीद जवानों में एएसपी अभियान का एक बॉडीगार्ड भी शामिल है। घटना की पुष्टि पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने की है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने 10 लाख इनामी नक्सली कमांडर शशिकांत गंझू के खिलाफ सर्च अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान मनातू थाना क्षेत्र के केदल गांव पहुंचने पर अचानक नक्सलियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने मोर्चा संभाला, लेकिन मुठभेड़ में तीन जवानों को गोली लगी। अस्पताल ले जाने पर दो जवानों को मृत घोषित कर दिया गया। शहीद जवानों की पहचान संतन कुमार मेहता (गांव सोवा बरेवा, थाना हैदरनगर) और सुनील राम (गांव परता, थाना हैदरनगर) के रूप में हुई है। घायल जवान रोहित कुमार, रेहला थाना क्षेत्र के लालगढ़ का रहने वाला है। घटना की जानकारी मिलते ही पलामू एसपी, डीआईजी नौशाद आलम और अन्य शीर्ष अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ शशिकांत गंझू के घर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर हुई। यह इलाका शशिकांत गंझू का गढ़ माना जाता है, जहां से वह पलामू और चतरा में नक्सली गतिविधियों का संचालन करता रहा है।